— मनीष कुमार
देश भर में मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का आयोजन कल किया जाएगा। यह परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य को तय करने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। ऐसे में परीक्षा से एक दिन पहले कुछ खास बातों का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है, ताकि छात्र शांत मन और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में बैठ सकें।

पूरी नींद लें, दिमाग को दें आराम
परीक्षा की तैयारी जितनी जरूरी है, उतना ही जरूरी है दिमाग को आराम देना। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले पूरी नींद लें और देर रात तक पढ़ाई करने से बचें।
एडमिट कार्ड व अन्य दस्तावेजों पहले से ही रखें रेडी
परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले एडमिट कार्ड, एक वैध फोटो पहचान पत्र और दो पासपोर्ट साइज फोटो को तैयार रखें। इन दस्तावेजों की अनुपस्थिति में परीक्षा में बैठना संभव नहीं होगा।
एडमिट कार्ड कैसे करें तैयार
एडमिट कार्ड के पहले पेज में सबसे नीचे तीन बॉक्स बने हैं, पहले में अपनी सुंदर सी तस्वीर जो आपने ऑनलाइन फॉर्म भरते समय सर्वर पर अपलोड की थी। दूसरे बॉक्स में आपको बाएं हाथ के अंगूठे का निशान लगाना है।
तीसरे बॉक्स में आपने कुछ नहीं करना उसको खाली छोड़ देना है। पेज नम्बर 2 पर बड़ा सा डिब्बा जहाँ दिख रहा है वहाँ आपने पोस्टकार्ड साइज फोटो (4×6 इंच) चिपकाएँ। यह आपको पहले से ही घर से करके जाना है।
परीक्षा केंद्र का स्थान समय से जान लें
परीक्षा केंद्र के पते की पुष्टि पहले ही कर लें और यह सुनिश्चित करें कि केंद्र तक पहुंचने में कितना समय लगेगा। समय से पहले परीक्षा स्थल पर पहुंचने में सुबह हड़बड़ी न हो।
ड्रेस कोड
यदि आप ड्रेस कोड से विपरीत परिधान पहन कर जा रहे हैं तो निर्धारित समय से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं।
भोजन हल्का और संतुलित लें
परीक्षा से एक दिन पहले और परीक्षा वाले दिन ऐसा भोजन करें जो हल्का, सुपाच्य और ऊर्जा देने वाला हो। अधिक तला-भुना या मसालेदार भोजन परीक्षा के समय परेशानी का कारण बन सकता है।
समय प्रबंधन पर दें ध्यान
परीक्षा हॉल में प्रश्नपत्र मिलने के बाद पहले प्रश्नों को एक बार ध्यानपूर्वक पढ़ें। आसान प्रश्नों को पहले हल करें और कठिन प्रश्नों में अधिक समय न लगाएं। ओएमआर शीट को सावधानी से भरें।
पेपर पैटर्न में मामूली बदलाव
इस बार प्रश्न पत्र में सेक्शन बी हटा दिया गया है, इसलिए सभी प्रश्न अनिवार्य हैं। प्रत्येक विषय से आपको 45 प्रश्न पूछे जाएंगें, प्रत्येक प्रश्न पूर्व की भाँति 4 मार्क्स का होगा व उत्तर गलत करने पर 1 नम्बर कटेगा। चार विषयों के कुल 180 प्रश्नों के लिए आपको 180 मिनट दिए जाएंगे।
परीक्षा हॉल में आत्मविश्वास बनाए रखें
सभी छात्र यह याद रखें कि नीट केवल ज्ञान की नहीं, संयम, धैर्य और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है। स्वयं पर विश्वास रखें और शांत मन से परीक्षा दें।
अंत में – आज दिन भर हल्का रिवीजन करें, नया कुछ न पढ़ें। मानसिक रूप से खुद को तैयार करें और सकारात्मक सोच के साथ कल परीक्षा देने जाएं।
“आवाज ए भारत” की टीम की तरफ से आपको ढेरों शुभकामनाएं


