जवाली: कांगड़ा जिला के जवाली थाना अंतर्गत पंचायत धेवा में एक ही परिवार की मां-बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बेटे की हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान शकुंतला देवी 40, पत्नी बुद्धि सिंह, निवासी धेवा और बेटी प्रिया 12, पुत्री बुद्धि सिंह के रूप में हुई है। शकुंतला देवी आशा वर्कर के रूप में कार्यरत थीं और बेटी 9वीं कक्षा में पढ़ती थी। परिजनों के अनुसार गुरुवार रात को पूरे परिवार ने खाना खाकर सो गए थे। सुबह बुद्धि सिंह ने पत्नी और बेटी को जगाने की कोशिश की तो दोनों मृत मिले। बेटे लेख राज गुगलू 14 को उल्टियां आ रही थीं, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल जवाली ले जाया गया जहां उसकी हालत स्थिर है।

सूचना मिलते ही एसपी नूरपुर इलमा अफरोज, डीएसपी जवाली वीरी सिंह सहित पुलिस और पंचायत प्रधान रविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। बुद्धि सिंह के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के असली कारण पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही साफ होंगे।

Discover more from Awaz E Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

