Minister Yadvinder Goma lashes out at the BJP at the Jaladi public meeting.

 

जनसभा के बाद लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के दिए निर्देश

 

जयसिंहपुर: कैबिनेट मंत्री यादविंद्र गोमा ने रविवार को विस जयसिंहपुर की ग्राम पंचायत अप्पर ठेहड़ू के गांव जलाड़ी और ग्राम पंचायत नाहलना में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। गाँव जलाड़ी के स्थानीय लोगों ने कैबिनेट मंत्री यादविंद्र गोमा का उत्साहपूर्ण स्वागत करते हुए ठेहड़ू से जलाड़ी तक करीब एक किलोमीटर तक ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली। इस दौरान समर्थक नाचते-गाते मंत्री को जनसभा स्थल तक लेकर पहुंचे।

 

 

राम जी का पैसा खाया है अब राम जी इन्हें बाहर बढ़ाएंगे : गोमा

जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल समेत कई राष्ट्रीय मुद्दों पर भाजपा को घेरा। साथ ही जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कई नई घोषणाएं भी कीं।

राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए गोमा ने कहा कि देशभर की जनता भगवान राम के प्रति आस्था रखते हुए मंदिर में चढ़ावा चढ़ाती है, लेकिन उस धन में भी भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का शिलान्यास और उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया तथा ट्रस्ट के सदस्यों का भी नामांकन भाजपा सरकार ने किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने नारा दिया था कि जो राम को लाएं हैं हम उनको लाएंगे। उन्होंने इसपर तंज कसते हुए कहा कि कि अब इन्होंने राम जी का पैसा खाया है अब राम जी इन्हें बाहर बढ़ाएंगे।

 

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वाहनों में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल डाला जा रहा है, जिससे लोगों के वाहन प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एथेनॉल उत्पादन में भारी मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है, जिसका असर जल संसाधनों पर भी पड़ रहा है।

 

कोसरी आयुर्वेदिक अस्पताल, तरिंडा सड़क, बस सेवा, खेल मैदान और शिक्षा सुविधाओं को लेकर गोमा ने किए कई महत्वपूर्ण ऐलान

क्षेत्रीय विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए गोमा ने कहा कि जनता की मांग पर चंदरोन सड़क की पासिंग करवाई गई है। तरिंडा सड़क आधे मार्ग तक पक्की हो चुकी है तथा शेष निर्माण के लिए लगभग नौ लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नवंबर से पहले सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।

मूनीधार पेयजल टैंक योजना की समस्या पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभागीय एसडीओ से बातचीत हो चुकी है और कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा।

कोसरी एवं ठेहड़ू क्षेत्र की बहुचर्चित मांग पालमपुर–सरीमोलग वाया द्रमन–रोपड़ी–जलाड़ी–कोसरी बस सेवा को लेकर गोमा ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में नई बसें नहीं खरीदीं और केंद्र सरकार से 15 वर्ष पूरा कर चुकी बसों को कंडम करने के निर्देश जारी हो गए, जिससे वर्तमान में बसों की शॉर्टेज चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब इलेक्ट्रिक बसें खरीदी हैं, जिनका ट्रायल जयसिंहपुर क्षेत्र में भी हो चुका है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी से बातचीत के बाद आश्वासन मिला है कि नई इलेक्ट्रिक बसें आने पर जो डीजल बस स्पेयर होगी उससे सरीमोलग रूट पर बस सेवा पुनः शुरू कर दी जाएगी।

 

 

उन्होंने स्थानीय खेल मैदान के लिए विधायक निधि से राशि उपलब्ध करवाने तथा कृष्ण महिला मंडल ठेहड़ू को 20 हजार देने की घोषणा की। वहीं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोसरी की मरम्मत के लिए प्रधानाचार्य से अनुमानित लागत (एस्टीमेट) उपलब्ध करवाने को कहा ताकि बजट जारी किया जा सके।

गोमा ने कहा कि कोसरी आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी को अपग्रेड कर आयुर्वेदिक अस्पताल का दर्जा दिया गया है, जिसके निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा और पूरा होने के बाद यहां 24×7 स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद लड़गलू–आशापुरी सड़क का निर्माण भी शुरू होगा। इसके अलावा जयसिंहपुर अस्पताल में शीघ्र ही डायलिसिस यूनिट शुरू की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में जयसिंहपुर महाविद्यालय में बीसीए और पीजीडीसीए की कक्षाएं शुरू हुई हैं तथा भविष्य में टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी कोर्स शुरू करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से चिट्टे जैसे घातक नशे से दूर रहने की अपील की तथा लोगों से आग्रह किया कि यदि कहीं नशा बेचने की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों अथवा सरकार को अवगत करवाएं।

 

जनसभा के बाद कैबिनेट मंत्री ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत डडवाल, लंबागांव पंचायत समिति की चेयरपर्सन मीना कुमारी, बीडीओ सिकंदर, जालग से बीडीसी एवं कांग्रेस जॉन प्रभारी ओपी धीमान, ग्राम पंचायत अप्पर ठेहड़ू के प्रधान राजकुमार, उपप्रधान तेज सिंह, आशापुरी पंचायत के प्रधान बॉबी, उपप्रधान किशोरी लाल, कोसरी पंचायत की प्रधान मंजू, उपप्रधान विनोद टंडन,प्रधान नाहलना राजकुमारी, प्रधान निर्मला देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

जलाडी़ में लोगों की समस्याएं सुनते मंत्री गोमा


Discover more from Awaz E Bharat

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Discover more from Awaz E Bharat

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading