सरकारी-निजी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, तकनीकी संस्थान, आंगनबाड़ी व शिशु पालन केंद्रों में अवकाश, परीक्षाएं भी स्थगित
मौसम विभाग द्वारा 20 और 21 जुलाई के लिए जारी रेड अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने कांगड़ा जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है। जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त हेम राज बैरवा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 20 एवं 21 जुलाई को जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय, महाविद्यालय, व्यावसायिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान, केंद्रीय विश्वविद्यालय, संस्कृत विश्वविद्यालय बल्याहर, एनआईएफटी, आंगनबाड़ी केंद्र तथा शिशु पालन केंद्र बंद रहेंगे।
उपायुक्त ने सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इन दो दिनों के दौरान निर्धारित सभी परीक्षाओं को भी स्थगित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
आदेशों के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों को भी अवकाश रहेगा। हालांकि, आवश्यकता पड़ने पर संबंधित संस्थान के प्रशासनिक प्रमुख आवश्यक सेवाओं के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगा सकेंगे।

सावधानी बरतने की अपील
उपायुक्त हेम राज बैरवा ने जिले के लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के समीप न जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
Discover more from Awaz E Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






Leave a Reply