वात्सल्य कुमार
जयसिंहपुर।
सिविल अस्पताल जयसिंहपुर को 50 बिस्तरों की क्षमता के अनुरूप संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अस्पताल परिसर में लगभग 52 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंजूरी प्रदान कर दी है। आयुष मंत्री यादविंदर गोमा के प्रयासों से इस लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकृति मिली है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. विवेक कड़ोल की अध्यक्षता में धर्मशाला में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में इस परियोजना के लिए बजट आवंटन तथा जल शक्ति विभाग को धनराशि हस्तांतरित करने की औपचारिक प्रक्रिया को भी मंजूरी दे दी गई।
दरअसल, जयसिंहपुर सिविल अस्पताल को 50 बिस्तरों के अस्पताल के रूप में विकसित किया जा चुका है, लेकिन अस्पताल परिसर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट नहीं होने के कारण हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से इसे केवल 10 बिस्तरों के अस्पताल के रूप में संचालन की अनुमति मिली हुई थी। पिछले कुछ वर्षों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से यहां ओपीडी और भर्ती मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। ऐसे में अस्पताल की वास्तविक क्षमता के अनुरूप एसटीपी की स्थापना आवश्यक हो गई थी।
अस्पताल परिसर में बनने वाले इस अत्याधुनिक 20 केएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से अस्पताल के अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक ढंग से उपचार किया जा सकेगा। इसके निर्माण के बाद अस्पताल को 50 बिस्तरों की पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
एसटीपी के लिए 52 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जयसिंहपुर सिविल अस्पताल में लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी अस्पताल में आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण उपचार अपने ही क्षेत्र में मिल सके।
Discover more from Awaz E Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




Leave a Reply