हिमाचल प्रदेश में विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश और विभिन्न क्षेत्रों में बादल फटने की घटनाओं के मद्देनजर राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने फ्लैश फ्लड (अचानक आने वाली बाढ़) को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। प्रदेशवासियों के साथ-साथ राज्य में आने वाले पर्यटकों से भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे नदी-नालों, खड्डों और जलधाराओं के आसपास जाने से बचें तथा मौसम और प्रशासन की आधिकारिक चेतावनियों पर ही भरोसा करें।
प्राधिकरण की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि संभावित आपदा से पहले प्रत्येक परिवार को आवश्यक दवाइयों, टॉर्च, पीने के पानी, सूखे खाद्य पदार्थों और अन्य जरूरी सामान सहित एक इमरजेंसी किट तैयार रखनी चाहिए। साथ ही आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जमीन संबंधी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात को वाटरप्रूफ बैग में सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। लोगों से अपने क्षेत्र में सुरक्षित ऊंचे स्थानों और वहां तक पहुंचने वाले वैकल्पिक मार्गों की पहले से जानकारी रखने को भी कहा गया है।
एडवाइजरी के अनुसार यदि किसी क्षेत्र में बिजली या मोबाइल नेटवर्क प्रभावित हो जाए तो मोबाइल फोन की बैटरी बचाने के लिए अनावश्यक कॉल करने से बचें और जरूरत पड़ने पर एसएमएस का उपयोग करें। पशुपालकों से भी अपने पशुधन को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का आग्रह किया गया है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि तेज बहाव वाले पानी, उफनते नालों या नदी-नालों को पैदल या वाहन से पार करने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है। इसके अलावा गिरे हुए बिजली के तारों और क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी निकासी (इवैक्यूएशन) संबंधी निर्देशों का तुरंत पालन करने की सलाह दी गई है। सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह को साझा न करने की भी अपील की गई है।
विशेष सचिव (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन) डॉ. पुष्पेंद्र राणा ने बताया कि प्रदेश में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए सभी जिला प्रशासनों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से केवल आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपदा हेल्पलाइन 1070, जिला आपदा हेल्पलाइन 1077 तथा आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9459455841 पर संपर्क करने की अपील की है।
Discover more from Awaz E Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.







Leave a Reply