हिमाचल पुलिस बैंड के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार निलंबित, सोशल मीडिया से कमाई का आरोप
शिमला: हिमाचल प्रदेश पुलिस ने राज्य के लोकप्रिय पुलिस ऑर्केस्ट्रा ‘हार्मनी ऑफ द पाइंस’ के प्रमुख गायक और इंस्पेक्टर विजय कुमार को निलंबित कर दिया है। उन पर विभाग को सूचना दिए बिना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आय अर्जित करने का आरोप है।
पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने सोमवार को विजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए। साथ ही मामले की विभागीय जांच के भी निर्देश दिए हैं। जांच DSP रैंक के अधिकारी करेंगे और तीन महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपेंगे।
विभागीय सूत्रों के अनुसार विजय कुमार ने केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1965 का उल्लंघन करते हुए सोशल मीडिया से लगभग 6,000 रुपये की आय अर्जित की। आरोप है कि उन्होंने इस आय की जानकारी विभाग को नहीं दी। विजय कुमार सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 1 लाख से अधिक और फेसबुक पर 50 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। ‘हार्मनी ऑफ द पाइंस’ हिमाचल पुलिस का राज्य स्तरीय बैंड है जो सरकारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देता है।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सरकारी सेवा नियमों के तहत किसी भी कर्मचारी को बाहरी स्रोतों से आय अर्जित करने से पहले विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य है। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from Awaz E Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.







Leave a Reply